एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। झारखंड के पलामू जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दरअसल, एक खड़े ट्रक को ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। वहीं इस हादसे में ट्रेलर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गयी। मिली जानकारी के अनुसार, घटना हरिहरगंज थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रियोटिपुर निवासी 21 वर्षीय राम बहादुर सिंह यादव के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि एनएच 139 मुख्य मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक ट्रक खड़ा था। तभी पीछे से अनियंत्रित ट्रेलर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गयी है। हादसा इतना भयानक था कि ट्रेलर के परखच्चे उड़ गये और चालक बुरी तरह से केबिन में फंस गया था। घंटों कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर के शव को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया है।