मोरहाबादी मैदान एक बार फिर बनेगा हेमंत की ताजपोशी का गवाह, तैयारियां जोरों पर
टीम एबीएन, रांची। 28 नवंबर को हेमंत सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में होगा। ऐसे में रांची पुलिस के द्वारा मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा के साथ-साथ शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी शुरू कर दी गयी है। वीवीआइपी और वीआईपी मेहमानों के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।
झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत लाने के बाद अब हेमंत सोरेन एक बार फिर से झारखंड के मुख्यमंत्री बनेंगे। हेमंत सोरेन सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में होगा। हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण के दौरान उनके समर्थकों का हुजूम राजधानी रांची में उमड़ने वाला है। कई बड़े राजनेता सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे।
यही वजह है कि रांची पुलिस और जिला प्रशासन के द्वारा शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अनुमान है की शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से 25000 से ज्यादा लोग राजधानी पहुंचेंगे।
रांची एयरपोर्ट, होटल, सर्किट हाउस, मोरहाबादी मैदान और रूट में तैनाती के लिए 4 हजार से ज्यादा जवानों को तैनाती की जायेगी। ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए स्पेशल जवानों को जिम्मेवारी दी जायेगी। पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल भी मुहैया कराया जा रहा है।