झारखंड में लोकतंत्र की परीक्षा में हम सफल हुए
विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बोले हेमंत सोरेन
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के शानदार प्रदर्शन के लिए शनिवार को राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि पार्टी लोकतंत्र की परीक्षा में सफल रही है।
झामुमो, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन के गठबंधन ने 81 में से 56 सीट जीती हैं। सोरेन ने बरहेट सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जी. हेम्ब्रोम को 39,791 मतों से हराया।
सोरेन ने एक प्रेस वार्ता में कहा, झारखंड में लोकतंत्र की परीक्षा में हम पास हो गये हैं, चुनाव परिणाम के बाद हम अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगे। उन्होंने कहा, मैं इस शानदार प्रदर्शन के लिए राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। इस बीच, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव गुलाम अहमद मीर ने कहा, सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री हैं और आगे भी बने रहेंगे।
श्री सोरेन ने बाद में एक वीडियो संदेश में कहा, आइये झारखंड के पिछड़े होने के ठप्पे को हटाने का संकल्प लें और इसे विकसित बनाने का प्रयास करें। हम उद्योग, शिक्षा और कृषि में सुधार के लिए जनता से सुझाव मांगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन हमारे राज्य को अबुआ राज (स्वशासन) के साथ स्वर्णिम झारखंड में बदलेगा।