झामुमो का सर्वे रिपोर्ट, कहा- 11 जिलों में नहीं खुलेगा भाजपा का खाता
टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल के बाद अब झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विभिन्न स्रोतों से जुटायी गयी जानकारी और सर्वे के आधार पर एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 24 में से 11 जिलों में विधानसभा चुनाव में भाजपा का खाता नहीं खुलने का दावा किया है। वहीं शेष 13 जिलों में बेहद नजदीकी संघर्ष की स्थिति बतायी गयी है।
रांची में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में 81 में से 59 विधानसभा सीट पर जीत के साथ इंडिया गठबंधन की दोबारा सरकार बनने जा रही है। झामुमो का दावा है कि कई जिलों में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने जिन 59 विधानसभा सीट पर जीत का दावा किया है। जिसमें राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, मधुपुर, सारठ, देवघर, पोड़ैयाहाट, बरकट्ठा, बरही, मांडू, सिमरिया, बगोदर, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, निरसा, सिंदरी, टुंडी, घाटशिला, जमशेदपुर पश्चिमी, पोटका, जुगसलाई, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, तमाड़, तोरपा, खिजरी, रांची, हटिया, मांडर, सिसई, गुमला, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, मनिका, बरही, लातेहार, डालटनगंज, छतरपुर, गढ़वा, भवनाथपुर, हुसैनाबाद और गढ़वा जैसी सीटें शामिल हैं।