राज्यसभा सांसद बोलीं- एग्जिट पोल के आंकड़े गलत साबित होंगे, हकीकत कुछ और होगा...
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव 2024 के लिए 13 और 20 नवंबर को राज्य में कुल 81 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कराया गया। वहीं चुनाव के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े भी सामने आये हैं। एग्जिट पोल में राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले गठबंधन को सत्ता में आने की संभावना जतायी गयी है।
एग्जिट पोल के नतीजों में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की सरकार झारखंड में बनती नजर आ रही है। वहीं, झामुमो के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को झटका लगता दिख रहा है। वहीं, चुनाव के बाद आये एग्जिट पोल के सर्वे को लेकर महुआ माजी ने कहा 23 नवंबर को जो नतीजे आयेंगे वो महागठबंधन के पक्ष में होंगे। हेमंत सोरेन फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। सारे आंकड़े गलत साबित होंगे।
महुआ माजी ने आगे कहा कि महागठबंधन की ही सरकार बनेगी। महाराष्ट्र और झारखंड दोनों जगह इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल के भी आंकड़े गलत साबित हुए थे। सीएम हेमंत सोरेन ने पांच साल काम किया है। महागठबंधन सरकार के काम के आधार पर वोट मांगा गया है।
अगर घुसपैठ हो रहा है तो केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। घुसपैठ हो रहा है तो असम के रास्ते से हो रहा है, वहां भाजपा की सरकार है। वहां के मुख्यमंत्री झारखंड आकर घुसपैठ के मुद्दे पर सीएम हेमंत सोरेन को कोस रहे हैं। गौरतलब है कि साल 2019 के विधानसभा चुनावों में जेएमएम के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 47 सीटें और एनडीए को 25 सीटें मिली थी।
वोट शेयरिंग की बात करें तो, मैटराइज के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा गठबंधन को 44.9 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद है। जबकि, झामुमो-कांग्रेस और राजद गठबंधन का वोट शेयर 38.2 फीसदी रह सकता है। वहीं, सर्वे में अन्य को 16.9 प्रतिशत वोट शेयर का अनुमान लगाया गया है।