इवीएम जमा कर घर लौट रहे मतदान कर्मी सहित 2 की सड़क हादसे में मौत, तीन की हालत गंभीर
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सरायकेला। सरायकेला जिले में आज यानी गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक भीषण सड़क हादसा हो गयी। इसमें 2 लोगों की मौत हो गयी। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सीनी सिदमा गांव निवासी शिवा पूर्ति और सुबोध प्रसाद के रूप में हुई है। वहीं इस हादसे में बाइक के पीछे बैठे शिक्षक ओम प्रकाश तथा पूनम पूरती और दुर्गा पूरती गंभीर रूप से घायल हो गये हैं।
सुबोध शिक्षक थे जो कि मतदान के बाद ईवीएम रिसीविंग सेंटर में जमा कर अपने शिक्षक साथी ओम प्रकाश के साथ बाइक से गम्हरिया लौट रहे थे। वहीं अन्य बाइक में शिवा पूर्ति अपनी भाभी और एक 10 वर्षीय बच्चे दुर्गा पूर्ति के साथ खीरीहातु जा रहा था। इसी दौरान दोनों बाइक में टक्कर हो गयी।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद सरायकेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवा पूर्ति और सुबोध प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाकी तीनों घायलों का इलाज जारी है।