शालिनी गुप्ता का जनसम्पर्क अभियान
क्षेत्र के विकास और अधिकार दिलाने का किया वादा
टीम एबीएन, कोडरमा। रविवार को निर्दलीय प्रत्याशी और पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने कोडरमा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जनसम्पर्क अभियान चलाया। मरकच्चो और डोमचांच प्रखंड के दुधपनिया, बच्छेडीह, भीमेडीह, कुशमई, ताराटांड़, पसियाडीह, पूरनानगर, जमडिहा, धोबियाडीह सहित कई गांवों का दौरा करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
शालिनी गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि क्षेत्र के हर व्यक्ति के सुख-दुख में साथ देना है।
जनसम्पर्क के दौरान शालिनी गुप्ता ने कहा कि उनके एजेंडे में कोडरमा के हर वर्ग के लोगों को उनके अधिकार दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देने का वादा करते हुए कोडरमा के ढिबरा और पत्थर उद्योग को पुनर्जीवित करने की बात कही। उन्होंने कहा, यह उद्योग कोडरमा की पहचान रहा है, और इसे पुनः खड़ा करना मेरी प्राथमिकता है। इससे स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नये अवसर खुलेंगे।
शालिनी गुप्ता ने विशेष रूप से महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि वे चाहती हैं कि हर महिला आर्थिक रूप से सशक्त हो और अपने परिवार का सहारा बने। इसके साथ ही, शालिनी गुप्ता ने बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करने के लिए बरियारडीह में एक बड़े कारखाने की स्थापना का वादा किया। उनका मानना है कि इस कारखाने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा।
जनसम्पर्क के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुधार पर भी जोर दिया। शालिनी गुप्ता ने कहा कि सड़कों का निर्माण कराया जायेगा और शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जायेगा। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए उन्होंने सदर अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर और आईसीयू की स्थापना का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से स्थानीय लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे गंभीर चिकित्सा स्थितियों में लोगों को बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शालिनी गुप्ता के इस अभियान में ग्रामीणों का बड़ा समर्थन मिला और सैकड़ों लोगों ने उनकी बातों को ध्यान से सुना। ग्रामीणों ने उनके विचारों और विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।