- भाजपा सत्ता में आयी तो हुसैनाबाद को बनाया जायेगा जिला
- हिमंत बिस्वा ने कहा- राम या कृष्ण के नाम पर होगा नामकरण
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू/ रांची। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बीते बुधवार को कहा कि अगर झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो हुसैनाबाद प्रखंड को एक जिला बनाया जाएगा और इसका नामकरण भगवान राम या कृष्ण के नाम पर होगा।
भाजपा के झारखंड चुनाव सह-प्रभारी शर्मा ने यह भी कहा कि राज्य से घुसपैठियों को बाहर निकालना पार्टी की प्राथमिकता होगी। असम के मुख्यमंत्री पलामू जिले के जपला मैदान में हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार कमलेश सिंह के लिए एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो हुसैनाबाद को जिला बनाया जाना सुनिश्चित है। इसका नाम भगवान राम या कृष्ण के नाम पर रखा जायेगा।
शर्मा ने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण झारखंड की जनसांख्यिकी बदल रही है, लेकिन सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) इस मुद्दे पर चुप है क्योंकि वे उसका वोट बैंक हैं। उन्होंने कहा, घुसपैठियों को बाहर निकालना भाजपा की प्राथमिकता है। हम झारखंड से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करेंगे।