जमशेदपुर में 25 वर्षीय स्कूल वैन चालक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जमशेदपुर के कीताडीह क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों ने स्कूल वैन चालक रोहित कुमार सिंह (25) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसका खुलासा दो दिन बाद भी नहीं हो सका है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि वह बागबेरा थाना क्षेत्र में अपने घर के सामने सो रहा था, तभी हमलावरों ने नजदीक से उसे गोली मार दी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है, लेकिन मृतक के रिश्तेदारों ने दावा किया है कि रोहित ने कुछ दिन पहले क्षेत्र में झगड़ा कर रहे 2 युवकों को शांत कराने की कोशिश की थी। उनमें से एक युवक ने कथित तौर पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित कारणों से मामले की जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों को सिंह सोमवार सुबह खून से लथपथ मिला जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।