टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा एक्टिव हो गयी है। मंगलवार देर रात तक दिल्ली में भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक हुई है। प्रत्याशियों के नाम पर मुहर भी लग चुकी है। एनडीए गठबंधन के तहत भाजपा, आजसू और जदयू के बीच सीटों का तालमेल फाइनल हो गया है।
लिहाजा, आज ही उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने की पूरी संभावना है। वैसे झारखंड भाजपा के विधानसभा चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने भी स्पष्ट कर दिया था कि चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के 48 घंटे के भीतर लिस्ट जारी हो जायेगी। आजसू को 10, जदयू को दो और लोजपा (रामविलास) को एक सीट दिये जाने की संभावना है।
13 नवंबर को पहले फेज में 43 सीटों पर चुनाव होना है। प्रत्याशियों के लिहाज से चुनाव की तैयारी करने के लिए बहुत कम समय बचा है। अब सवाल है कि कौन-कौन से सीटिंग विधायक का टिकट कट सकता है और कौन-कौन से नये चेहरे सामने आ सकते हैं। इस मामले में रांची और कांके सीट पर भाजपा नये नाम सामने ला सकती है।
रांची से नवीन जायसवाल और कांके से कमलेश राम भाजपा के प्रत्याशी हो सकते हैं। हटिया सीट पर कोई नया चेहरा सामने आ सकता है। इसके अलावा चंदनकियारी से नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, राजधनवार से बाबूलाल मरांडी, सरायकेला से चंपाई सोरेन, जगन्नाथपुर से गीता कोड़ा, बोकारो से बिरंची नारायण, निरसा से अपर्णा सेनगुप्ता, गिरिडीह से निर्भय शाहाबादी, खिजरी से रामकुमार पाहन, झरिया से रागिनी सिंह, बरकट्ठा से अमित यादव का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।