टीम एबीएन, रांची। श्रीश्री सार्वजनिक बंगाली दुर्गा पूजा समिति, धुर्वा थाना के पीछे बस स्टैंड में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल में पारंपरिक रीति रिवाज के साथ मां दुर्गा को विदाई दी गयी। मौके पर महिलाओं ने सिंदूर खेला भी किया, जिसमें मां दुर्गा को सिंदूर लगाने के पश्चात एक दूसरे को भी सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की कामना की गयी।
साथ ही साथ महिलाओं की शंख ध्वनि से पूरा धुर्वा क्षेत्र गुंजायमान रहा। नवरात्रि के मौके पर नौ दिनों तक मां की सेवा के बाद विदाई करते सभी भक्तों की आंखें नम हो गयीं। परंतु परंपरा के मुताबिक विदाई भी अनिवार्य है।
जिस कारण श्रद्धालुओं ने नाम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। साथ ही अगले वर्ष आने का निमंत्रण दिया। मौके पर धुर्वा से सटे आसपास के टोले-मोहल्लों के लोगों की भारी भीड़ जुटी थी। लोगों के पांव भक्ति गीतों पर थिरकते नजर आ रहे थे।