- पिछले 17 महीने का राज्य सरकार के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी विभाग के संकल्प 1040 के अनुरूप बकाया मानदेय का भुगतान एवं नीड बेस्ड असिस्टेंट प्रोफेसर में अविलंब समायोजन किया जाये : डॉ धीरज सिंह सूर्यवंशी, रांची, झारखंड
- हमारे जीवन तथा संस्कृति से खिलवाड़ कर रहा विश्वविद्यालय प्रशासन : संघ
- कई साल से पूजा के दौरान नहीं किया जाता है वेतन का भुगतान
- शिक्षिका स्वर्गीय डॉ तस्नीमा परवीन को मिले न्याय का लगा नारा...
टीम एबीएन, रांची। 25 सितम्बर 2024 से झारखंड अतिथि शिक्षक संघ के तत्वावधान में रांची विश्वविद्यालय मुख्यालय परिसर में पिछले 17 महीने के लंबित मानदेय भुगतान सहित अपनी मूलभूत मांगों के समर्थन में अतिथि शिक्षकों का चल रहे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन शनिवार 05 अक्टूबर 2024 को भी जारी रहा।
मौके पर शिक्षकों ने अपने संबोधन में एक स्वर से कहा कि विवि प्रशासन एवं उच्च शिक्षा-तकनीकी विभाग, झारखंड सरकार की घोर लापरवाही एवं संवेदनहीनता की वजह से यह दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियां बनी हुई है। इस बाबत विवि प्रशासन एवं उच्च शिक्षा -तकनीकी विभाग, झारखंड सरकार के द्वारा ठोस एवं निर्णायक पहल नहीं होने से अतिथि शिक्षकों में भारी गुस्सा एवं नाराजगी है।
इस दौरान बीच बीच में अतिथि शिक्षकों की मूलभूत मांगों पर अब तक समुचित कार्रवाई नहीं होने से विवि प्रशासन से नोंक-झोंक भी समय समय पर हो रही है। संघ के अध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने कहा कि दुर्गा पूजा की शुरुआत हो चुकी है शिक्षकों की जेब है खाली। हमारा विवि प्रशासन हमारी जीवन और हमारी संस्कृति से खिलवाड़ कर रही है।
झारखंड प्रदेश अतिथि शिक्षक संघ के वरिष्ठ नेता डॉ. धीरज सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि उक्त पूरे मामले में कुलाधिपति सह राज्यपाल संतोष गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कृपया हस्तक्षेप कर अतिथि शिक्षकों के पिछले 17 महीने के उच्च शिक्षा तकनीकी विभाग के 1040 संकल्प के अनुरूप लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करायें एवं अतिथि शिक्षकों के मूलभूत समस्याओं का सकारात्मक पहल कर समुचित तरीके से न्यायोचित निष्पादन करायें।
साथ ही डॉ धीरज सिंह ने कहा कि उर्दू विभाग की अतिथि शिक्षिका तसनीमा परवीन की असामयिक निधन समुचित इलाज के अभाव में हो गयी। उपाध्यक्ष सौरभ कुमार ने कहा कहा कि जब तक हमारी समस्याओं का समाधान नहीं होगा आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन-आंदोलन की अध्यक्षता अरविंद प्रसाद ने की जबकि संचालन प्रो (डॉ)धीरज सिंह सूर्यवंशी ने की।
आज आंदोलन में शिव कुमार, आलोक उत्पल, विकास कुमार, निहारिका महतो, डॉ पूनम सिन्हा, तल्हा नदवी, सचिन साहू, रिंकी, डॉ आशीष, शुभम, सबीएल लकड़ा, सुमित, सुजीत, डॉ रीना, स्वरूपा, निहाल टोप्पो, अनीश अतुल, सूरज विश्वकर्मा, डॉ अणिमा प्रसाद, सुल्ताना परवीन सहित भारी संख्या में शिक्षक साथी मौजूद थे।