चंपाई सोरेन ने हेमंत सोरेन सरकार पर बोला बड़ा हमला, कहा-जिस योजना के लिए छाती ठोक रहे हैं उसे मैंने लाया
टीम एबीएन, रांची। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी पूरे राज्य में परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। इसी क्रम में आज सरायकेला में बीजेपी ने परिवर्तन यात्रा निकाली। इस दौरान पूर्व सीएम और बीजेपी नेता चंपाई सोरेन ने कहा कि रैली में मौजूद भीड़ यह संकेत दे रही है कि परिवर्तन निश्चित होगा। आदिवासी और मूलवासियों को फिर से अमन-चैन से जीने का मौका मिलेगा।
चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में संघर्ष करने के बाद पांच महीने तक सत्ता संभालने का मौका मिला। केलेन्डर बनाकर आईने की तरह योजनाओं को स्वीकृत किया। चंपाई ने मंईयां सम्मान योजना पर बोला कि आज जिस योजना के नाम सरकार छाती ठोकती है उसे मैंने लाया था।
चाहे बहाली हो या फ्री में बालू देना यह सारे मेरे काम थे। संताल परगना की धरती में 1855 में सिदो कान्हू ने तीर के नोक से संताल परगना बनाया और कास्तकारी अधिनियम बनाया। चंपाई ने झामुमो को घेरते हुए बोला कि आज आदिवासियों के अस्तित्व संकट में आ गया है।
संताल परगना के लोगों ने ब्रिटिश सामराज्यवाद को स्वीकार नहीं किया लेकिन आज उसी धरती में बांग्लादेशी घुसकर जमीन पर कब्जा कर रहे हैं और सामाजिक व्यवस्था को तोड़ रहे हैं। इस घुसपैठ को सिर्फ बीजेपी ही रोक सकती है इस लिए मैंने एक क्षेत्रीय पार्टी से निकल कर बीजेपी में शामिल हुआ।
चंपाई ने कहा कि बांग्लादेशियों को अगर कोई भगा सकता है तो वह बीजेपी ही है। कोई और राजनीतिक दल यह लड़ाई नहीं लड़ सकती है। आदिवासियों की अस्मिता को दूसरा कोई दल नहीं बचा सकता है।