- पीएम नरेंद्र मोदी ने पहली वंदे मेट्रो को भुज से अहमदाबाद के लिए किया रवाना
- 8000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अहमदाबाद में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक बतायी जा रही है।
पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में उन घरों के लाभार्थियों को सौंपा है, जिनका निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने पीएम आवास योजना ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत 30 हजार से ज्यादा नये घरों के निर्माण को मंजूरी दी। इसकी पहली किस्त जारी की गयी है।
पीएम मोदी ने देश की पहली वंदे मेट्रो को भुज से अहमदाबाद के लिए रवाना कर दिया है। इसके संग उन्होंने कई वंदे ट्रेनों को हरी झंडी दिखायी। नागपुर से सिकंदराबाद, कोल्हापुर से पुणे, आगरा कैंट से बनारस, दुर्ग से विशाखापत्तनम, पुणे से हुबली और पहली 20 कोच वाली ट्रेनों को शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो रेल में यात्रा के दौरान यात्रियों से बातचीत की।
उन्होंने कहा, 100 दिन के इन निर्णयों में देश के हर नागरिक, हर परिवार, हर वर्ग के कल्याण की गारंटी पक्की हो चुकी है। इन 100 दिनों में 15 लाख करोड़ रुपये अधिक की योजनाओं पर काम आरंभ हुआ। चुनाव के वक्त उन्होंने 3 करोड़ नए घर तैयार करने की गारंटी देश को दी। इस गारंटी पर तेजी से कार्य हो रहा है। गांव हो या शहर हम सभी के लिए अच्छी जिंदगी जीने की व्यवस्थाएं जुटा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हर कोई आज गणेश उत्सव को मना रहा है। आज मिलाद-उन-नबी भी मनाया गया। उन्होंने कहा कि देशभर में कई त्योहारों को मनाया जा रहा है। इन उत्सवों के वक्त विकास का उत्सव भी जारी है। यहां पर आज 8,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है। आज नमो रैपिड रेल का भी उद्घाटन हुआ।