झारखंड कांस्टेबल भर्ती
- फिजिकल टेस्ट के दौरान 2 और अभ्यर्थियों की गयी जान; अब तक हो चुकी 14 मौतें
टीम एबीएन, रांची। उत्पाद सिपाही भर्ती के लिए जारी शारीरिक परीक्षा के दौरान 2 और अभ्यर्थियों की मौत हो गयी है। इसमें एक युवती भी शामिल हैं। वहीं, अब तक कुल 14 अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि साहिबगंज में उत्पाद विभाग में सिपाही की बहाली में दौड़ने वाली रांची के टांगर निवासी 32 वर्षीय आरती केरकेट्टा की इलाज के दौरान बीते शुक्रवार को मौत हो गयी।
आरती के परिजनों ने बताया कि 31 अगस्त को साहेबगंज में आरती की दौड़ थी। वह तय समय में दौड़ पूरी भी कर चुकी थी, लेकिन दौड़ पूरी करने के बाद उसकी तबियत अचानक बिगड़ गयी। उसे तत्काल साहिबगंज सदर अस्पताल में भर्ती किया गया था। दो सितम्बर को परिजन आरती को साहिबगंज से रांची लेकर आ गये थे और चार सितम्बर को आरती को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
वहीं, दूसरी और बिहार के मुंगेर के रहने वाले 25 वर्षीय करण राज की मौत इलाज के दौरान हजारीबाग में हो गयी। बताया जा रहा है कि उसकी दौड़ पलामू के चियांकी एयरपोर्ट पर थी। दौड़ने के दौरान ही वह बेहोश हुआ था। इसके बाद उसे पलामू से बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग लाया गया था।