हेमंत सोरेन की बड़ी घोषणा, अब 18 वर्ष की उम्र से मंईयां योजना का लाभ
टीम एबीएन, रांची। रांची के नामकुम में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें रांची समेत पांच जिलों से बड़ी संख्या में महिला लाभुक शामिल हुईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने बड़ी घोषणा की है कि अब उनकी सरकार मंईयां सम्मान योजना की उम्र सीमा 21 वर्ष से घटा कर 18 वर्ष करेगी यानी अब 18 वर्ष की उम्र से इस योजना का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सरकार हर कदम उठा रही है। आगे भी सरकार उनके हित में कार्य करती रहेगी। नामकुम के खोजाटोली का ट्रेनिंग ग्राउंड बुधवार को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा की महिला लाभुकों से खचाखच भरा हुआ था।
झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना की लाभुकों के चेहरे पर खुशियों के उपहार का उत्साह साफ झलक रहा था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन पांचों जिलों की बहनों को मंइयां सम्मान योजना का तोहफा दिया। राज्य के 19 जिलों की महिला लाभुकों के खाते में एक-एक हजार रुपये भेजे जा चुके हैं।
हेमंत सोरेन सरकार इस योजना के तहत सालाना 12 हजार रुपये महिला लाभुकों को दे रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रमंडलवार कार्यक्रम का आयोजन कर बहनों को तोहफा देने की शुरूआत की थी।
राज्य के पांचों प्रमंडलों में समारोह के साथ आज मंइयां सम्मान योजना कार्यक्रम का समापन हो गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी सौगात दे दी। अभी 21 वर्ष से 50 वर्ष तक की महिलाओं को इसका लाभ दिया जा रहा है। अब सरकार ने उम्र सीमा घटाकर 18 साल करने की घोषणा कर दी है।