अमित शाह से मुलाकात के बाद आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो का ऐलान
टीम एबीएन, रांची/ नयी दिल्ली। भाजपा और आजसू (आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन) मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद सुदेश महतो ने ये ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि हम झारखंड में विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेंगे। आसजू 2019 में विधानसभा चुनाव अलग लड़ी थी। करीब डेढ़ घंटे तक आजसू प्रमुख सुदेश महतो और गृह मंत्री अमित शाह के बीच झारखंड चुनाव को लेकर चर्चा हुई।
बैठक के बाद सुदेश महतो ने कहा कि चंपई सोरेन का स्वागत है। अगर वो हम लोगों के साथ आते हैं तो विधानसभा चुनाव में इसका फायदा होगा। चंपई जी से भावनात्मक लगाव है। आंदोलन के नाते उनका सम्मान भी है। सुदेश महतो ने कहा कि उन्होंने जिस तरह से अपनी वेदना पत्र के माध्यम से शेयर की है, वह काफी दुखदायक है। राज्य के हित में वो आगे बढ़ते हैं तो साथ आगे बढ़ें तो बहुत अच्छा रहेगा।
हम उन्हें कोई सुझाव नहीं दे सकते हैं लेकिन झारखंड के लिए वह लड़े हैं। झारखंड के बड़े चेहरे हैं। आजसू नेता ने कहा, अगर वह (चंपई सोरेन) अपनी बात मंच पर आकर कहेंगे, उनके काम करने का जो स्वभाव रहा है और राज्य को केंद्र बनाकर काम करेंगे तो निश्चित रूप से अच्छा प्रभाव रहेगा। चंपई जी का हम लोग स्वागत करते हैं। अगर वो गठबंधन में आते हैं तो अमित शाह के साथ सभी राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई है तो निश्चित रूप से उस मुद्दे पर भी चर्चा हुई है।