प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाशदेव ने सीएम से की प्राथमिक विद्यालय खोलने की मांग
ABN Bureau• 22 Dec, 2021
1 Views
विज्ञापन
मेदिनीनगर। झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, झारखंड के अध्यक्ष सह झामुमो नेता अविनाश देव ने मंत्री मिथिलेश ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति में प्राथमिक विद्यालय खोलने से संबंधित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन करते हुए कहा कि विगत 22 मार्च 2020 के जनता कर्फ़्यू से आज तक हम सबने कोरोना वायरस के प्रकोप को देखा और समझा। इन 22 महीनों में निम्न व मध्यम वर्ग के लोगों की हालत उन ज़ख़्मों की जैसी हो गई है, जिसे न तो हम देख सकते हैं और न ही किसी को दिखा सकते हैं। भविष्य का भारत अब तबाही के क़गार पर है, जिसे बिना विलंब किए शिक्षा व रोज़गार के द्वारा नये सिरे से गढ़ने की ज़रूरत है। आपके ही कथनानुसार अब आप जीवन भी, जीविका भी, झारखंड भी, झारखंडी भी को धरातल पर उतार दीजिए, ताकि शिक्षक वर्ग एवं शिक्षकेत्तर कमर्चारी अपनी जीविका निर्बाध रूप से चला सकें, क्योंकि जैसे-जैसे शैक्षणिक सत्र निकट आ रहा है, हर मां-बाप अपने बच्चों की तालीम को लेकर चिंतित हैं, इसलिए महोदय आपसे विनम्र अपील है कि कोरोना के इस नाज़ुक दौर से शिक्षा और शिक्षित वर्ग को अविलंब बाहर करने की कृपा करें। ज्ञापन के अंत में उन्होंने कहा कि हम प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, झारखंड माननीय मुख्यमंत्री महोदय से यह मांग करता है कि यथाशीघ्र प्राथमिक विद्यालय खोलने का कष्ट करें। इस पुनीत कार्य के लिए हम सभी विद्यालय के शिक्षक एवं अभिभावकगण आपका सदा आभारी रहेंगे। वहीं ज्ञापन ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि हम यथाशीघ्र इस दिशा में सार्थक क़दम उठाएंगे। ताकि शिक्षा का स्तर ऊंचा हो सके, वहीं विद्यालय से जुड़े हुए शिक्षक एवं कर्मचारियों को जीवनोपार्जन के लिए भटकना न पड़े।