- झारखंड के इन जिलों में रविवार को भारी बारिश के आसार
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बीते कई दिनों से मॉनसून सक्रिय है। बीते दो दिनों से रांची के भी कई इलाकों में रूक रूक बारिश हो रही है। शुक्रवार शाम को राजधानी में अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि रविवार को कोल्हान समेत संताल परगना के भी कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान वज्रपात की भी संभावना है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो रविवार यानी 25 अगस्त को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह देवघर, दुमका में भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है।
इसके अलावा गढ़वा, पलामू और लातेहार में भी जोरदार वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि राज्य में अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस साल राज्य में अच्छी बारिश हुई है, इसलिए सुखाड़ जैसे हालात नहीं हैं।