- भाजपा की युवा आक्रोश रैली पर दागे आंसू गैस के गोले, हुई पानी की बौछार, कई घायल
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से राजधानी रांची के मोरहाबादी में आयोजित युवा आक्रोश रैली पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। रैली में शामिल भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार भी की।
आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार के बाद पूरी भीड़ तितर-बितर हो गयी। कई लोग घायल हुए हैं। इन्हें अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस मंगाया गया है। हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोरहाबादी मैदान में दिया धरना और नारेबाजी की।
झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत तमाम वरिष्ठ भाजपा नेता मैदान में ही धरना पर बैठ गएये। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हेमंत तेरी तानाशाही नहीं चलेगी नहीं चलेगी के नारे भी लगाये।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जबरन सीएम आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की, तो उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागने शुरू कर दिये। साथ में पानी की बौछार भी शुरू कर दी। आंसू गैस और पानी की बौछार से पूरी भीड़ तितर-बितर हो गयी। पुलिस के जवान लगातार आंसू गैस के गोले दाग रहे थे।
भाजपा ने ऑक्सीजन पार्क और शिबू सोरेन के आवास के पास से सीएम आवास जाने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस ने दोनों जगह सख्त घेराबंदी कर रखी थी। दोनों जगहों पर बैरिकेडिंग की गयी थी। उसके ऊपर कंटीले तार लगा दिये थे, ताकि आसानी से बैरिकेडिंग को कोई पार न कर सके। पुलिस ने उन्हें चारों ओर से घेरकर उन पर पानी की बौछार शुरू कर दी। लगातार आंसू गैस के गोले भी दागे। भाजपा नेताओं को मैदान में ही कैद कर दिया गया।