टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 5 अगस्त को आल इंडिया पोस्टल/आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल एम जेड खान, राज्य सचिव के नेतृत्व में मुख्य डाक महाध्यक्ष झारखंड परिमंडल व्ही सी राय से 4 सूत्री मांगों को लेकर मिला। जिसमें पोस्टमैन/ मेलगार्ड के जनवरी 1996 से बकाया भुगतान को सुनिश्चित करना, जनवरी 1986 से इंडक्शन ट्रेनिंग की अवधि को प्रोन्नति में समायोजित कर लाभ देना, रुल 9 के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करना, 6 माह के अंतराल पर राज्य स्तरीय पेंशन अदालत का आयोजन करना शामिल था तथा पोस्टल कॉलोनी लालपुर में स्थित वेलनेस सेंटर के जर्जर भवन को प्राथमिकता सूची में मरम्मत करना आदि मुद्दे पर चर्चा की गयी।
भवन की मरम्मत को लेकर मुख्य डाकमहाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार मरम्मत का काम सी जी एच एस को करना है। क्योंकि डाक विभाग ने पोस्टल क्वार्टर सी जी एच एस को एक रुपया किराया पर कैबिनेट अप्रूवल के पश्चात ही दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर से वेलनेस सेंटर के भवन की मरम्मत का उत्तरदायी है।
अन्य मांगों के संदर्भ में उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस पर शीघ्र उचित कार्यवाई की जाएगी। पोस्टमैन के बकाया भुगतान को लेकर चीफ पी एम जी ने विशेष रुचि दिखाई क्योंकि ये मामला मंडलों में 5 साल से अधिक समय से मंडलाध्यक्षों की अरुचि के कारण लंबित चला आ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने चीफ पी एम जी का ध्यान आकृष्ट करते हुए रेखांकित किया कि सिंहभूम डिविजन में लंबित 98 मामलों, पलामू में 43 मामलों में एक भी मामले का निपटारा नहीं किया गया है। उसी प्रकार धनबाद के 120 में 2, दुमका के 85 मामलों में 8, हजारीबाग के 93 मामलों में 30, गिरिडीह के 43 में 2, रांची के 147 में 93 एवं देवघर के 23 लंबित मामलों में मात्र 2 मामलों का निपटारा किया गया है
चीफ पी एम जी ने गंभीरता से डेलिगेशन की बातें सुनी और उचित कार्यवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में एम जेड खान के अलावा केडी राय व्यथित, त्रिवेणी ठाकुर, गौतम विश्वास, त्रिलोकी नाथ साहू, बी बारा, हसीना तिग्गा, रामचंद्र प्रसाद शामिल थे।
ज्ञात हो कि व्ही सी राय ने जुलाई के प्रथम सप्ताह में चीफ पी एम जी झारखंड सर्किल के पद पर योगदान दिया है। लगभग एक वर्ष से ये रिक्त था जिसके कारण झारखंड परिमंडल के कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। उक्त जानकारी आॅल इंडिया पोस्टल/आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड रांची के स्टेट सचिव एम जेड खान (मोबाईल नम्बर 6201143329) ने दी।