धोनी के साथ खेल चुके हैं क्रिकेट
टीम एबीएन, रांची। भारत का एक और अंतराष्ट्रीय क्रिकेटर राजनीति में कदम में रख सकता है। जी हां एम एस धौनी के साथ खेल चुके झारखंड के पूर्व कप्तान सौरव तिवारी सियासत की पिच पर चौके-छक्के मारते दिख सकते हैं। दरअसल, गुरुवार को इस पूर्व क्रिकेटर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की और एक पुस्तक भेंट की।
इसके बाद से चर्चा है कि सौरव तिवारी जल्दी ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। सौरव तिवारी का संबंध झारखंड के जमशेदपुर से है। चुनाव के ठीक पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मुलाकात ने अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।
इसलिए ऐसे कयास लगाये जा रहे हैं कि सौरव तिवारी चुनाव से पहले भाजपा का दामन थाम सकते हैं। बता दें कि झारखंड में विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों में हो सकते हैं। इसके लिए चुनाव आयोग भी तैयारियों में जुट गया है।