एबीएन न्यूज नेटवर्क, बुढ़मू। पुलिस ने सोमवार को साड़म गांव स्थित एक तालाब से एक महिला व उसकी तीन वर्षीय बच्ची का शव बरामद किया है। शव की शिनाख्त साड़म गांव की ही 29 वर्षीय संगीता देवी (पति डबलू यादव) व उसकी ढाई वर्षीय बेटी अनुष्का कुमारी के रूप में की गयी।
शव देखने से प्रतीत होता है कि दोनों की अन्यत्र हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है। शव की सूचना पर पहुंची बुढ़मू पुलिस ने दोनों मां बेटी के शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु रिम्स भेज दिया है। हालांकि यह हत्या है या आत्महत्या पुलिस घटना की विस्तृत छानबीन में जुट गयी है।
इधर, घटना की सूचना पाकर पहुंचे महिला के परिजनों ने पति सहित सास, ससुर, भैसुर, गोतनी तथा देवर पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाते हुए दहेज प्रताड़ना व सोची-समझी साजिश के तहत हत्या करने का आवेदन थाना को दिया है। जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतक के पति डबलू यादव को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
परिजनों का क्या है आरोप
मृतक के परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। आये दिन दहेज की मांग को लेकर संगीता को उसके पति व ससुराल वाले प्रताड़ित कर मारपीट किया करते थे। जिसे लेकर कई बार सामाजिक समझौता भी किया गया था। रविवार को संगीता अपने मायके बुढ़मू कोटारी आयी हुई थी।
वहां पर भी उसका पति डबलू उसके साथ मारपीट किया और जबरदस्ती उसे अपने घर साडम ले गया और रात्रि में अपने परिजनों से मिलकर दोनों मां बेटी की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया। वहीं दोनों मां बेटी की मौत को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही है। इधर, बुढ़मू थाना प्रभारी रामजी कुमार ने कहा कि दोनों की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा जल्द ही कर लिया जायेगा।