- बारातियों से भरी बस में दौड़ा करंट, तीन की मौत और छह झुलसे
टीम एबीएन, रांची। जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में बारातियों से भरी एक बस में बिजली करंट प्रवाहित होने से तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि छह लोग झुलस गये। जिन्हें इलाज के लिए रिम्स रांची लाया गया है। घटना की जानकारी सुनकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि हादसा रविवार देर रात की है। बताया गया कि झारखंड के सरायकेला जिले के कुचई थाना क्षेत्र से बारात बस तमाड़ थाना क्षेत्र के चोगागुटू गांव जा रही थी। कई लोग बस की छत पर बैठे थे। गांव की सीमा के ठीक पहले बस नीचे की तरफ झूल रहे बिजली की तार के संपर्क में आ गयी और पूरी बस में करंट दौड़ गया।
बस की छत पर बैठे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों में 12 साल का बच्चा भी शामिल है। जान गंवाने वालों में दिनेश सिंह मुंडा (36), मंडा मुंडा (25) और जितेन सिंह मुंडा (12) शामिल है। झुलसे लोगों में लंबार मुंडा, शंकर मुंडा, सुभाष मुंडा, उपेन मुंडा और चरण मुंडा शामिल हैं।
बस पर सवार कई अन्य लोगों को झटके लगे और चीख-पुकार मच गयी। तत्काल बस को रोककर उस पर सवार लोगों को सुरक्षित उतारा गया। बताया गया कि 55 लोगों की क्षमता वाली बस में 80 से 90 लोग सवार थे। बस की छत पर भी 20 से ज्यादा लोग बैठे थे।