टीम एबीएन, लोहरदगा। लोहरदगा जिला के मेधावी टॉपर इंटर और मैट्रिक विद्यार्थियों को सम्मानित करने वाली संस्था रामचंद्र प्रसाद मेमोरियल ट्रस्ट लोहरदगा की अध्यक्षता नलिनी शर्मा का निधन 55 वर्ष की अवस्था में हो गयी। नलिनी शर्मा बहुमुखी प्रतिभा की धनी थीं। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी से उर्दू साहित्य में एमए की परीक्षा पास कर रिकॉर्ड बनाया था।
वह कवित्री, स्विमर, घुड़सवारी, फैशन शो में कैटवॉक करने, ड्राइविंग, उद्घोषिका, एफएम रेडियो में कार्यक्रम करने, साइकिलिंग करने, समाचार पत्र पत्रिकाओं में लिखने, इंडिया टुडे के लिविंग मीडिया ग्रुप में काम करने वाली हंसमुख, नेचर प्रेमी, पेंटिंग की शौकीन और मॉडलिंग और विज्ञापन की दुनिया में काम करने वाली बिंदास महिला नलिनी शर्मा के निधन पर शोक की लहर है।
उनकी पहल पर ही लोहरदगा सिविल कोर्ट को ट्रस्ट ने पांच हजार से अधिक कानून की पुस्तक दान किया था। नलिनी शर्मा पशु- पक्षी प्रेमी भी थी। जो वह ठान लेती थी उसे अंजाम तक पहुंचती थी। तभी तो विपरीत परिस्थिति में अंग्रेजी साहित्य में एमए तक की पढ़ाई करने वाली महिला ने उर्दू में एमए की परीक्षा पास कर ली। वह फोटोग्राफ की भी शौकीन थी। फेसबुक में नलिनी की ढाबा और पैशनेट नलिनी जैसे कार्यक्रम चलाकर लोगों से जुड़ी रहती थी। यह कहें कि वह एक महिला थी, पर अनेक विधाओं की मलिका थी।
नलिनी शर्मा के निधन पर लोहरदगा विभिन्न संगठनों के लोगों ने शोक जताया है। शोक व्यक्त करने वालों में मदन मोहन पांडेय, पूर्व अध्यक्ष मनोज प्रसाद, लोक अभियोजक विवेक कुमार, प्रो स्नेहा कुमार, डॉ शशि कुमार गुप्ता, ओम कसेरा, वीके बालान्जिनप्पा, अजय गुप्ता, मनीष कुमार, रीता पांडेय, उज्जवल आनंद, मनोज्ञ पांडेय सोम मुखर्जी समेत तमाम लोगों ने शोक व्यक्त किया है। लोगों ने उनके आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।