झामुमो प्रमुख हेमंत सोरेन तीसरी बार बन सकते हैं मुख्यमंत्री; आज रात सीएम चंपई के इस्तीफे की अटकलें
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन इस्तीफा दे सकते हैं। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को मिली जमानत के बाद से ही झारखंड में राजनीतिक फेरबदल के संकेत मिल रहे थे। इसी बीच सूत्रों ने बताया है कि वर्तमान सीएम चंपई सोरेन आज रात इस्तीफा दे सकते हैं।
इस्तीफे की अटकलों के बीच बुधवार दिन में हुई बैठक के बारे में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के एक सूत्र ने बताया- बैठक में चंपई सोरेन के स्थान पर हेमंत सोरेन को लाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के आवास पर हुई बैठक में गठबंधन के नेताओं और विधायकों ने सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को झामुमो विधायक दल का नेता चुनने का फैसला किया।
ऐसे में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन राज्य में पार्टी नीत गठबंधन के विधायकों के बीच आम सहमति के बाद तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बन सकते हैं। गौरतलब है कि झारखंड में सत्ता परिवर्तन की अटकलों के बीच रांची में आज इंडी गठबंधन के विधायकों के बीच बैठक शुरू हुई। यह बैठक राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) हेमंत सोरेन ने बुलायी।
भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें फरवरी में गिरफ्तार किया गया था। करीब पांच महीने बाद हेमंत सोरेन को 28 जून को जेल से रिहा किया गया। इस बैठक की जानकारी देते हुए पार्टी के सूत्र ने कहा- राज्य में सत्ता परिवर्तन संभव है। यह बैठक महत्वपूर्ण है। राज्य की सत्तारूढ़ गठबंधन पार्टियों के विधायक यहां 11 बजे इकट्ठा हुए। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के सभी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को रद्द किया गया। दरअसल, बुधवार को सीएम चंपई सोरेन राज्य के 1500 चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटने वाले थे।
बताते चलें कि झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से शाम 7:15 बजे मिलने का समय मांगा है। राज्यपाल के चेन्नई से लौटने के बाद चंपाई सोरेन के साथ हेमंत सोरेन और कांग्रेस के कुछ नेता राजभवन मिलने के लिए जायेंगे। चर्चा है कि चंपाई सोरेन इस्तीफा दे देंगे और हेमंत सोरेन नये सीएम के रूप में शपथ लेने के लिए दावा पेश करेंगे।