टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग, रांची की सुपरवाइजरी हेड सह इंग्लिश की वरिष्ठ पीजीटी शिक्षिका राजश्री मिश्रा को भावभीनी विदाई दी गयी। विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य एसके मिश्रा ने उन्हें स्मृति चिह्न,उपहार तथा शॉल देकर सम्मानित किया। उन्होंने सम्पूर्ण समर्पण और कर्त्तव्य निष्ठा के साथ अपने 31 वर्ष के सेवा काल को पूर्ण करके अवकाश प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एसके मिश्र तथा उनके सहकर्मी शिक्षक - शिक्षिकाओं ने राजश्री मिश्रा के साथ के अपने अनुभव साझा किये। गीत-संगीत से माहौल को सुमधुर बनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने भी इस शानदार विदाई के लिए विद्यालय परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
प्राचार्य एसके मिश्र ने राजश्री मिश्रा को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभ कामनाएं देते हुए कहा कि मैडम राजश्री मिश्रा सभी शिक्षकों-शिक्षिकाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी रहेंगी, जिस कर्तव्यनिष्ठा के साथ उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया, वह अनुकरणीय है। उनकी सबसे बड़ी खूबी उनका नेतृत्व कौशल है।
उन्होंने अध्यापक समुदाय के समक्ष अपनी कार्यकुशलता को उदाहरण के रूप में रखा। उनके कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। विदाई समारोह में पूरे विद्यालय परिवार ने उपस्थित रह कर श्रीमती मिश्रा के आरोग्य, सुख-शांति, संपदा की कामना की।