रांची में ईडी का छापा, जमीन कारोबारी कमलेश कुमार के ठिकानों से 1 करोड़ कैश और 100 कारतूस बरामद
टीम एबीएन, रांची। रांची में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम ने एक बार फिर दबिश डाली है। जमीन कारोबारी कमलेश कुमार के ठिकानों पर शुक्रवार को ईडी ने छापेमारी की। ये रेड राजधानी के चेशायर होम रोड और कांके इलाकों में हुई है। इस दौरान जांच एजेंसी ने उनके घर पर जमीन घोटाले से जुड़े कई दस्तावेज खंगाले।
छानबीन के क्रम में उसके कांके स्थित आवास से 1 करोड़ रुपये कैश, एक पिस्तौल और 100 जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। ईडी की टीम बरामद रुपये के संबंध में उससे पूछताछ कर रही है। दरअसल, कुछ दिनों पहले ईडी ने कमलेश को समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था। समन जारी होने के बावजूद वह जवाब देने के लिए ईडी कार्यालय में हाजिर नहीं हुआ। इसके ईडी ने शुक्रवार को उनके ठिकानों पर छापा मारा है।
जमीन घोटाला मामले में ही ईडी ने जमीन कारोबारी शेखर कुशवाहा को गिरफ्तार किया था। फिलहाल, वह प्रवर्तन निदेशालय के रिमांड पर है। जमीन घोटाले से जुड़े मामलों में ईडी की टीम लगातार छानबीन कर रही है। इस केस में अब तक पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन, राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप समेत कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
हालांकि पूर्व सीएम हेमंत सोरेन अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज कर रहे हैं। उन्होंने अदालत में जमानत के लिए याचिका भी दायर की थी। हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है।