आजसू सुप्रीमो ने कहा- झारखंड राज्य में मौजूदा हालात बदलने के लिए संकल्पित होकर करें काम
टीम एबीएन, रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि राज्य में मौजूदा राजनीतिक हालात बदलने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता संकल्पित होकर काम करें। सुदेश कुमार महतो ने रांची कांके रिंग रोड स्थित सुनैना बैंक्वेट हॉल में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक में कहा कि समय कम है और हमारी जिम्मेदारी बड़ी है। राज्य के विषय विचार और भावना की रक्षा करने की प्रतिबद्धता को मजबूती प्रदान करें।
जनता के बीच अपनी मौजूदगी को रिश्ते में बदलना है। इस दौरान पार्टी की भावी रणनीतियों और कार्यक्रमों पर पार्टी पदाधिकारियों ने विस्तृत चर्चा की। आजसू अध्यक्ष ने कहा कि संघर्ष ही हमारी पहचान है। संघर्ष के बूते ही हम अपने संकल्पों को पूरे करेंगे। इस राज्य ने पिछले साढ़े चार साल में खोया बहुत कुछ है। उसे वापस लाना है। इसलिए एक-एक कार्यकर्ता ईमानदारी से काम करें।
पार्टी के पदाधिकारियों से भी उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर वे हर वर्ग में पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व में दिए गए निदेर्शों और तय कार्यक्रमों पर चर्चा की और कहा नेतृत्व तथा पार्टी के फैसले के साथ खड़े रहें। मेहनत का कोई दूसरा विकल्प नहीं। हम सभी को अपने राजनीतिक अनुभव को राज्य के हित में लगाना है।