शिवराज सिंह चौहान झारखंड के चुनाव प्रभारी नियुक्त, हिमंत विश्व सरमा सह-प्रभारी बनाये गये
टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधासनभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कमर कस ली है। सोमवार (17 जून) को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को झारखंड का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ भाजपा के फायरब्रांड नेता और असम के सीएम हिमंतत विश्व सरमा को सह-प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने यह जानकारी दी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने संगठनात्मक नियुक्ति से संबंधित एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगमी विधानसभा चुनावों के लिए प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है।
झारखंड विधानसभा का चुनाव इस साल के अंत में नवंबर-दिसंबर में होने की संभावना है। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को झारखंड में बड़ा नुकसान हुआ था। इसलिए पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारी पहले से तेज कर दी है। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को सिर्फ 8 सीटों पर जीत मिली, जबकि वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में उसने 11-11 सीटों पर जीत दर्ज की थी। आदिवासी बहुल किसी भी सीट पर भाजपा को इस बार जीत नहीं मिली।