लापुंग। जंगली हाथियों का झुंड एक बार फिर से लापुंग प्रखंड के डाडी़ और सापुकेरा पंचायत के सीमावर्ती भागलपुर, डाडी़, तेतरटोली, सेमरटोली, भंडारटोली सहित कई गांवों में जंगली हाथियों के बड़े झुंड के पहुंचने से ग्रामीणों में भारी दहशत व्याप्त है। देर रात 12 बजे से एक बजे के बीच 28 जंगली हाथियों के झुंड को खदेड़ने के क्रम में एक जंगली हाथी भागलपुर में स्थित सुकरो तिर्की पति स्व ठुरुआ तिर्की के कच्चे कुएं में गिर गया। शेष जंगली हाथियों को ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए जंगल की ओर खदेड़ दिया है। रात के सन्नाटे में हाथियों के चिग्घाड़ से ग्रामीणों की नींद टूटी। लोगों के खेतों में लगी फसलों को जंगली हाथियों ने बुरी तरह बर्बाद कर दिया है। कुआं भी क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं कुएं में गिरे हाथी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।