- सीएम चंपाई सोरेन का अधिकारियों को निर्देश
टीम एबीएन, रांची। सीएम चंपाई सोरेन ने गुरुवार को सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने को लेकर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। सीएम चंपाई ने इस दौरान चयन प्रक्रिया को समय सीमा के अंदर पूरी करने का निर्देश दिया।
सीएम ने बैठक में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की जानकारी ली।सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। ऐसे में सरकारी विभागों में जो भी रिक्तियां हैं और जिन पदों पर नियुक्ति की जानी है, उसकी चयन प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू की जाये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नियुक्तियों में सरकार की नियुक्ति नियमावली और रोस्टर का पालन होना चाहिए।सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि जेएसएससी द्वारा जो भी प्रतियोगिता परीक्षाओं का आयोजन हो, उसमें पूरी गोपनीयता और पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए बोला कि किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। अगर पेपर लीक जैसी घटनाएं होती है तो जो भी दोषी पाये जायेंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
सीएम चंपाई सोरेन ने पुलिस महानिदेशक और जेएसएससी के अध्यक्ष से कहा कि झारखंड उत्पाद आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए 580 पद और झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा के 4919 पदों पर प्रक्रिया अविलंब शुरू की जाये। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि झारखंड उत्पाद आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा के अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण इसी माह शुरू हो जायेगा।
इसकी प्रक्रिया पूरी होने पर सफल अभ्यर्थियों की सूची जेएसएससी को उपलब्ध करा दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि झारखंड उत्पाद सिपाही और झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा के अभ्यार्थियों के शारीरिक दक्षता परीक्षण में पारदर्शिता और निगरानी के लिए आधुनिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करें।