कोडरमा। मधुपुर से कोडरमा आ रही पैसेंजर ट्रेन शनिवार की रात्रि दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। कोडरमा महेशमुंडा के पोल संख्या 1/12-13 के बीच ट्रैक्टर फंस गया और चालक ट्रैक्टर को छोड़ कर भाग गया। जबकि उसका इंजन डाउन लाइन पर चला गया। अगर डाउन लाइन में कोई ट्रेन उस समय होती तो दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना बीती रात्रि 11 बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी आरपीएफ, जीआरपी घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार मधुपुर कोडरमा ट्रेन के आगमन के पहले ड्राइवर ने देखा की ट्रैक्टर फंसा है और उसने अपने विवेक पर ट्रेन में इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया और एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। अज्ञात ट्रैक्टर को आरपीएफ ने जब्त कर कोडरमा स्टेशन ले आई है और वाहन मालिक के खिलाफ मुकदमा दायर किया जा रहा है। इधर रात्रि 12:30 बजे ट्रेन कोडरमा स्टेशन पर पहुंची लगभग 1 घंटे तक ट्रेन में सवार यात्री वहीं पर फंसे रहे। घटनास्थल पर रेलवे के सहायक मंडल अभियंता संजय कुमार पीडब्ल्यूआई सुनील कुमार, रेलवे स्टेशन प्रबंधक एके सिंह व आरपीएफ, जीआरपी के अधिकारी और जवान मौजूद थे।