- चार घंटे बाद पुलिस के जवान ने रेस्क्यू कर निकाला शव
टीम एबीएन, कोडरमा। सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत पेट्रो जलप्रपात में शुक्रवार की शाम स्नान करने के दौरान 17 वर्षीय युवक की कुंड में डूब जाने से मौत हो गयी है। घटना शुक्रवार की संध्या करीब 5 बजे की है। मृतक की पहचान सतगावां थाना क्षेत्र के अंबाबाद निवासी व चतरा जिला में झारखंड पुलिस में कार्यरत विजय प्रसाद यादव के 17 वर्षीय पुत्र मोहित कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि मृतक मोहित कुमार अपने मित्र कुंदन कुमार के साथ पेट्रो जलप्रपात कुंड में स्नान करने के लिए पहुंचा था। मृतक के दोस्त कुंदन कुमार हजारीबाग जिले के सिंदूर गांव का रहने वाला बताया जाता है। मृतक मोहित कुमार के मित्र कुंदन कुमार ने बताया कि शुक्रवार को देर शाम 5 बजे पेट्रो जलप्रपात स्थित कुंड में स्नान करने गया था, इसी क्रम में मोहित कुमार चौथे कुंड के समीप मेरे बैग में कपडे और मोबाइल मेरे पास छोड़कर वह पांचवा कुंड में नहाने चला गया।
घंटो बाद जब वापस नहीं लौटा तो हमें काफी चिंता होने लगी और हम रोने लगे। उसके बाद काफी खोजबीन किया लेकिन कहीं भी नहीं मिला। उसके बाद किसी तरह से नीचे उतरकर किसी मोटरसाइकिल सवार से लिफ्ट मांगकर उनके गांव पहुंचकर इस घटना की सूचना मोहित कुमार के परिजनों को जाकर दी। उसकी कुंड में डूबने की खबर फैलते हीं परिजन व आसपास के काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गये।
घटना की जानकारी मिलने पर सतगावां के पुअनि कार्तिक सिंह मुंडा घटनास्थल पर पहुंचकर कुंड के अंदर डूबे शव को खुद गोताखोर बनकर रेस्क्यू कर निकाला। पुलिस जवान कार्तिक सिंह मुंडा की मदद से उसके शव को करीब चार घंटे बाद पानी से निकाला गया। वहीं परिजनों व ग्रामीणों के अनुसार जिस जगह पर वह नहा रहा था, वहां काफी गहराई थी।
अचानक उसका पांव फिसल जाने से पानी में डूब गया। बता दें कि पानी में गहराई होने के कारण वह डूबकर अंदर ही रह गया। ज्ञात हो कि पेट्रो जलप्रपात में अक्सर ऐसी घटना होती रहती है। छोटे-बड़े लोग गर्मी के दिनों में नहाने को पहुंचते हैं और अपनी जान गवां बैठते हैं।
इस ओर जिला प्रशासन, प्रखंड के प्रशासन के साथ साथ जन प्रतिनिधियों को भी ध्यान देने की जरूरत है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो। इस घटना की बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा परिवार इस घटना से सदमे में है। जानकारी के अनुसार मृतक हजारीबाग में दसवीं क्लास का छात्र था। मृतक अपने 2 भाइयों में सबसे छोटा था।
वहीं इस घटना के संबंध में मृतक की माता मंजू देवी, पति विजय प्रसाद यादव ने एक लिखित आवेदन देकर आवेदन के जरिये कहा है कि मेरे पुत्र की मौत पानी में डूबने से हो गयी है और वह अपने मृतक पुत्र के शव को पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहती है साथ ही साथ मुझे किसी व्यक्ति पर कोई शंका शिकायत नहीं है।