गुमला। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने स्थानीय जशपुर रोड स्थित डेली मार्केट में झारखंड सरकार के द्वारा युवाओं को रोजगार न देने के विरोध में अंडा-मुर्गी बेचकर रोष व्यक्त किया गया। मौके पर भाजयुमो सदस्यों ने युवाओं को रोजगार दो, सरकार युवाओं को छलना बंद करे जैसे नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रोजगार की मांग की गई। भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव से पहले किये गए वादे के अनुसार मुख्यमंत्री ने अब तक किसी युवाओं को रोजगार देने का कार्य नहीं किया है बल्कि इसके विपरीत जेपीएससी जैसी बड़ी संस्था में भी धांधली उजागर हो गई है जो अब जगजाहिर है। मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों लोगो को रोजगार करने के लिए मुर्गी और अंडे बेचने की सलाह दे डाली जो उनके द्वारा युवाओं के साथ किये गए वादाखिलाफी को दर्शाता है। उन्होंने सरकार से यह अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन के उपाय निकाले और राज्य के पढ़े लिखे योग्य युवाओं को नौकरी दें। मौके पर जिला उपाध्यक्ष संजय गुप्ता, विकास सिंह, महामंत्री संदीप प्रसाद, नगर अध्यक्ष अनूप साहू, राजेश सिंह, दिनेश साहू, मनोहर भगत, मिक्की गुप्ता, सौरभ गुप्ता, सूरज सिंह सहित दर्जनों युवा मौजूद थे।