गुमला। घाघरा प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में उपायुक्त के निदेर्शानुसार शुक्रवार से खेल मैदान के विकास हेतु भूमि समतलीकरण का कार्य प्रारंभ हो गया। यहां बता दें कि विगत 16 दिसंबर को उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय घाघरा का औचक निरीक्षण कर वहां की मूलभूत संसाधनों की भौतिक स्थिति का अवलोकन किया था। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने विद्यालय में आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति एवं सुविधाएं बहाल करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी कड़ी में उन्होंने विद्यालय परिसर में अवस्थित खेल मैदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण कर उन्होंने खेल मैदान को बालिकाओं के लिए विकसित करने के उद्देश्य से मैदान को जेसीबी के माध्यम से समतलीकरण करने का निर्देश दिया था। उपायुक्त के निर्देशानुसार शुक्रवार को जेसीबी की सहायता से खेल मैदान के समतलीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही विद्यालय परिसर के उबड़-खाबड़ भूमि को भी समतल करने का कार्य किया जा रहा है। अगले दो दिनों के अंदर खेल मैदान को वॉलीबॉल ग्राउंड के रूप में विकसित करने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया जाएगा। साथ ही बालिकाओं के खेलने के लिए विद्यालय को खेल सामग्रियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही खेल मैदान के विकास के साथ ही विद्यालय परिसर की भी साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। अव्यवस्थित व अनावश्यक उगी झाड़ियों को काटकर परिसर को साफ-सुथरा भी बनाया जा रहा है। खेल मैदान के बनने से छात्राओं में काफी हर्ष व्याप्त है।