मैदान में लगाये गये थे सोनिया-राहुल समेत अन्य विपक्षी नेताओं के पोस्टर
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में आज इंडी गठबंधन की उलगुलान न्याय रैली थी, जिसमें जमकर कुर्सियां बरसी। साथा ही लात-घुस्से की भी कोई कमी नहीं रही। चतरा से कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी के समर्थक और राजद कार्यकर्ताओं के बीच ये भिड़ंत हुई।
बताते चलें कि पहले चरण के मतदान के बाद अब राजनीतिक पार्टियां दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में जुट गयी हैं। इसी को लेकर आज झारखंड की राजधानी रांची में विपक्षी गठबंधन पार्टियों की रैली हुई।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी सांसद राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन सहित विपक्षी गठबंधन के नेताओं की फोटो वाले पोस्टर रांची के रैली ग्राउंड में लगाये गये थे।
इंडी गंठबंधन की रैली पर शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेर्दी ने कहा कि मेरा संदेश बहुत स्पष्ट है कि हम भाजपा की बढ़ती निरंकुशता के खिलाफ इस लड़ाई में एक साथ हैं। वे विपक्ष को ठीक से काम नहीं करने दे रहे हैं। वे विपक्ष को चुप कराने की कोशिश कर रहे हैं। हम देख रहे हैं कि महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण नहीं मिल रहा है।
पहले चरण के चुनाव में बहुत से लोग नहीं, बल्कि जो वोट डालने के लिए निकले हैं, वे इन लोगों (भाजपा) को बदलने के लिए सामने आए हैं। इंडी गठबंधन की रैली पर झामुमो सांसद डॉ महुआ माजी कहती हैं- ये एक बड़ी रैली है और मुझे नहीं लगता कि इतनी बड़ी रैली झारखंड में कभी हुई होगी। हेमंत सोरेन के समर्थन में लोग सामने आ रहे हैं। हम इस रैली की सफलता को लेकर निश्चित है। झारखंड झुकेगा नहीं और इंडी गठबंधन नहीं रुकेगा।