झारखंड का मौसम
- गर्मी झेलने को हो जाइए तैयार, 5 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान
- जानें कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
एबीएन नॉलेज डेस्क। धूप, छांव, बादल और बारिश की वजह से पिछले कुछ दिनों का मौसम खुशनुमा था। लेकिन, अब मौसम बदलने वाला है। गर्मी चढ़ने वाली है। मौसम विभाग की मानें, तो झारखंड में अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक बढ़ने वाला है, जिसके बाद लोगों को चिलचिलाती गर्मी का एहसास होगा।
कई दिनों तक दोपहर के बाद तेज हवाओं और गरज के साथ हुई बारिश के बाद अब अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने का अनुमान भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने जताया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 5 दिन के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी।
अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। अगले 5-6 दिन के मौसम की बात करें, तो 29 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा। इसी दिन नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसका असर पश्चिमी हिमालय में देखा जाएगा। इसका असर झारखंड पर भी पड़ सकता है।
इसके एक दिन बाद यानी 30 मार्च 2024 को झारखंड के दक्षिणी तथा उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 31 मार्च को भी झारखंड के दक्षिणी हिस्से में कुछ जगहों पर वर्षा हो सकती है। फिर 1 अप्रैल से झारखंड का मौसम साफ हो जाएगा, ऐसा मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है।