एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। होली के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गये। इस घटना में दोनों पक्ष के 9 लोग घायल हैं। जबकि कुछ लोगों को मामूली चोट लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह एसपी दीपक कुमार शर्मा ने त्वरित कदम उठाया और सदर एसडीपीओ बिनोद रवानी को दल बल के साथ मौके पर भेजा। एसडीपीओ व कई थाना की पुलिस पहुंचते ही स्थिति नियंत्रण में हुई। यह घटना बेंगाबाद थाना इलाके के अतरोका गांव की है।
मारपीट में कई घायल
घटना में घायल एक पक्ष के मनोज भोक्ता, परण महतो, रामचंद्र भोक्ता, तुलसी भोक्ता तथा दूसरे पक्ष के कासिम मियां, दिलजान अंसारी, नसीम अंसारी, हासिम अंसारी तथा सुबिया का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
इस घटना को लेकर दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। इधर बताया जाता है कि दोनों पक्ष कई वर्ष से आपस में भिड़ते रहे हैं। कई दफा पुलिस व पंचायत प्रतिनिधि को हस्तक्षेप करना पड़ा है।
गांव में पुलिस तैनात
इधर, मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी ने दोनों पक्ष को संयम और आपसी भाईचारे के साथ रहने को कहा। कहा कि जब एक ही गांव में रहते हैं तो झगड़ा किस बात की। दोनों पक्ष को समझाने और इलाज के लिए अस्पताल भेजने के बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती की गयी।
एसडीपीओ ने बताया कि विवाद एक भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच है। इसी बात को लेकर लोग आपस में उलझते हैं। कहा कि दोनों पक्ष को समझाया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।