टीम एबीएन, रांची। हम सभी कृष्णा नगर कॉलोनी, लालगुटवा फोरेस्ट रिसर्च सेंटर रोड के निवासी हैं जो पुंदाग टीओपी (रांची अरगोड़ा कटहल मोड़) और गुमला रोड को जोड़ती है। यह सड़क सालों से काफी जर्जर अवस्था में है। बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण हमेशा दुर्घटना होती रहती है।
छोटी गाड़ियों के अलावा बड़े-बड़े ट्रक और हाईवा भी इस सड़क पर चलते रहते हैं। बरसात में तो नारकीय स्थिति हो जाती है और हम सबों का आवागमन करना दूभर हो जाता है। दु:ख की बात है कि सारे प्रयासों के बावजूद न ही सरकार की तरफ से कोई पहल की जा रही है और न ही सरकार के प्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर है।
इस संबंध में मुहल्लावासियों ने बताया कि सांसद ने 30 सितंबर 2023 को गणेश अपार्टमेंट फॉरेस्ट रोड के पास शिलान्यास भी किया। लेकिन अब तक छह महीने बीत चुके हैं परंतु सड़क निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है।
सड़क की इस बदहाली और सरकार की ओर से कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं होने की स्थिति में मोहल्लावासी अब आंदोलन के लिए बाध्य किए जा रहे हैं। सबने यह निर्णय लिया है कि 10 मार्च 2024 सुबह 10 से चार बजे तक सड़क जाम किया जायेगा।