- रांची के बुंडू में 11वीं के परीक्षार्थी की सड़क हादसे में मौत, एक घायल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बुंडू (रांची)। अमानत अली इंटर कॉलेज की 11वीं के परीक्षार्थी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। रांची-टाटा राष्ट्रीय मार्ग-33 पर बुंडू थाना क्षेत्र के बुंडू के कॉलेज मोड़ की गोबाई मुर्गी दुकान पास घटित ये घटना गुरुवार शाम लगभग चार बजे की है। गुरुवार को इंटर की पंचपरगनिया भाषा की परीक्षा थी।
बताया जाता है कि ग्राम कुबासाल टोला जामटोला, तमाड़ निवासी विमल महतो (उम्र 18 वर्ष) बुंडू स्थित संत जेवियर्स उच्च विद्यालय परीक्षा केन्द्र में पंचपरगनीया भाषा की परीक्षा देकर निकला था। वह अमानत अली इंटर कॉलेज में इंटर का छात्र था। विमल का सहपाठी गंगाधर महतो भी परीक्षा देकर निकला था और वह बाइक पर विमल को पीछे बैठाकर बस स्टैंड छोड़ने जा रहा था।
बस स्टैंड में बस पकड़कर विमल को अपने घर तमाड़ जाना था, लेकिन तभी पीछे से आ रही पिकअप वैन (जेएच-01 बीपी-4314) उनकी बाइक से टकरा गयी। टक्कर से पीछे बैठा विमल महतो बाइक से गिर गया और पिकअप वैन के टायर के नीचे आ गया। विमल की कुचल कर मौत हो गयी। बाइक चला रहा गंगाधर महतो घायल हो गया।