झारखंड : सीएम चंपाई सोरेन ने सरायकेला को 334 करोड़ का दिया तोहफा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सरायकेला। सीएम चंपाई सोरेन ने झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में करीब 334 करोड़ रुपये की लागत से राज्य संपोषित 220 विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि अगले तीन माह में नौ लाख परिवारों को अबुआ आवास का लाभ दिया जायेगा।
पहले चरण में दो लाख परिवारों को अबुआ आवास दिया जा रहा है। इसी जिले के पूर्व सीएम ने सरायकेला के विकास को लेकर एक ईंट भी रखने का काम नहीं किया है। राज्य के विकास को लेकर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता पर सर्वाधिक समय तक रहने के बाद भी उसने अपेक्षित विकास नहीं किया।
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि सरायकेला का सौंदर्यीकरण किया जायेगा। ऐतिहासिक छऊ कला के साथ-साथ कलाकारों का इतिहास आने वाली पीढ़ी भी जानेगी। उन्होंने 334 करोड़ 12 लाख की लागत से 220 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि सरायकेला में पांच पार्कों का निर्माण किया जायेगा। आदिवासी धार्मिक स्थल की तर्ज पर मूलवासियों के धार्मिक स्थलों को भी विकसित किया जायेगा। राज्य सरकार इन स्थलों को विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड धनी प्रदेश है, परंतु आदिवासी-मूलवासी गरीब हैं। यहां के संसाधनों से दिल्ली व गुजरात का विकास हुआ है।