- हजारीबाग में गरजे सीएम चंपाई सोरेन, केंद्र ने नहीं दिया पीएम आवास
टीम एबीएन, हजारीबाग। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के लाभुकों को मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने हजारीबाग में स्वीकृति पत्र दिया।
हजारीबाग, चतरा, कोडरमा और रामगढ़ जिले के हजारों अबुआ आवास योजना के लाभुक सोमवार (19 फरवरी) को हजारीबाग जिले के विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में शामिल हुए। इन चार जिलों के लिए 2 लाख 82 हजार अबुआ आवास प्रस्तावित हैं।
प्रथम चरण में 1,13,078 लोगों को मिलेगा अबुआ आवास
प्रथम चरण में 1 लाख 13 हजार 78 लोगों को अबुआ आवास योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने चारों जिले के दर्जनों लाभुकों को मंच पर बुलाकर सांकेतिक रूप से स्वीकृति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पैसे झारखंड को उपलब्ध नहीं कराया।
हमारे पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के लोगों के दर्द को समझा और 20 लाख लोगों के लिए अबुआ आवास योजना को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि झोपड़ी, टूटे घर और बेघरों को अब झारखंड सरकार की ओर से तीन कमरे का पक्का मकान मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के आवेदन स्वीकृत किये गये हैं। उन सभी लोगों को हर हाल में झारखंड सरकार अबुआ आवास देगी। पहले और पीछे चयन होने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इनमें जो त्रुटियां होंगी, उसे भी सुधार लिया जायेगा, लेकिन सभी को आवास मिलेगा।