गिरिडीह के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की बदलेगी सूरत, 6 करोड़ की लागत से बनेगा भवन
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। बगोदर में संचालित जिले का एकमात्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जल्द ही नये लुक में दिखेगा। यहां जर्जर भवन और जर्जर छात्रावास के स्थान पर नया भवन बनाया जायेगा। बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह ने शुक्रवार को इसके निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
6 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
विधायक विनोद सिंह ने बताया कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के लिए 6 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से नये भवन बनाये जायेंगे। जिसमें क्लास रूम, हॉस्टल और प्रशासनिक भवन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का स्वर्णिम इतिहास रहा है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से भवन, छात्रावास एवं प्रशासनिक भवन की जर्जरता के कारण इसकी पहचान धूमिल हो रही थी।
इस संस्थान के इतिहास के साथ-साथ इसका भविष्य भी स्वर्णिम हो इसी उद्देश्य से भवन निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गयी है। विधायक ने कहा कि छात्राओं के लिए 100 बेड का छात्रावास बनाया जायेगा।
चहारदीवारी का भी निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मैं बगोदर में सार्वजनिक पुस्तकालय के निर्माण की दिशा में भी प्रयास कर रहा हूं। उम्मीद है कि जल्द ही आम लोगों की सुविधा के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय का निर्माण होगा।