रांची। झारखंड के राज्यपाल-सह-राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति रमेश बैस से आज उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके खण्डेलवाल ने राजभवन में भेंट की। मौके पर राज्यपाल ने राज्य में उच्च शिक्षा के विकास के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने, विश्वविद्यालयों में बेहतर आधारभूत संरचनाएं विकसित करने व उच्च शिक्षा को राज्य के युवाओं के मध्य सर्वसुलभ बनाने के लिए चर्चा की। वहीं रमेश बैस ने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा की स्थिति में सुधार लाना नितांत आवश्यक है और ये उनकी प्राथमिकता भी है। राज्य में शैक्षणिक वातावरण बेहतर हो, इसके लिए निरंतर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने उच्च शिक्षा के विकास में आ रही विभिन्न अड़चनों व व्यवधानों को दूर करने के लिए निदेश दिया।