Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

गणतंत्र दिवस पर भी नक्सलियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
गणतंत्र दिवस पर भी नक्सलियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
विज्ञापन

गणतंत्र दिवस को लेकर राज्य भर में अलर्ट

टीम एबीएन, रांची। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर राज्य भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। पुलिस मुख्यालय ने राजधानी रांची समेत राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

अलर्ट पर पुलिस

झारखंड के डीजीपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि पूरे राज्य में गणतंत्र दिवस पर झंडोत्तोलन की तैयारी कर ली गयी है। बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल भी पूरी हो चुकी है। सभी जिलों के एसपी को एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के साथ-साथ होटलों, लॉज, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। गणतंत्र दिवस को लेकर झारखंड के सभी नक्सल प्रभावित जिलों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।

कई मौकों पर गणतंत्र दिवस के दौरान नक्सलियों द्वारा काला झंडा फहराने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसलिए इसे लेकर भी सतर्क रहने के निर्देश जारी किये गये हैं। डीजीपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ पहले से ही अभियान चलाया जा रहा है जो जारी रहेगा। वहीं रेलवे स्टेशनों और हवाईअड्डों समेत सभी सरकारी संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। सभी जगहों पर अतिरिक्त बलों की भी तैनाती की जा रही है।

गणतंत्र दिवस के दौरान शांतिपूर्ण झंडोत्तोलन को लेकर सभी जिलों के एसपी ने अपने क्षेत्र के सभी थाने और ओपी को अलर्ट कर दिया है। उन्होंने पुलिस मुख्यालय के निर्देश के आलोक में सभी थाना और ओपी को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने और सक्रिय गश्ती करने का आदेश दिया है। जारी निर्देश में यह भी कहा गया है कि खुफिया सूचनाओं पर नजर रखें और सुरक्षा इंतजाम करें।

उग्रवादी-आतंकी अपने मंसूबों में कामयाब न हो सकें, इसके लिए अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित पुलिस चौकियों, पिकेटों, अर्धसैनिक बलों और होम गार्ड के कैंपों की सुरक्षा कड़ी करने का निर्देश दिया गया है। सभी डीएसपी-एसडीपीओ को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस गश्ती और सुरक्षात्मक उपायों की समीक्षा करें और जो भी कमियां सामने आयें, उन्हें दूर करें।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 44,981