रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कोविड जांच के दौरान होनेवाली भीड़ से यात्रियों की कठिनाइयों पर चिंता जताते हुए चैंबर के सीविल एवीयेशन उप समिति ने एयरपोर्ट निदेशक से पत्राचार कर समस्या के समाधान का आग्रह किया। उप समिति चेयरमैन दिनेश प्रसाद साहू ने कहा कि एयरपोर्ट पर एक अतिरिक्त एक्जिट गेट है, जो वर्तमान में ऑपरेशनल नहीं है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन को उस एक्जिट गेट को शीघ्र ऑपरेशनल करना चाहिए। कोविड के बाद से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रेस्तरां का संचालन अब तक बंद होने से हो रही समस्या पर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि कोविड के प्रतिबंधों में शिथिलता के बाद से एयरपोर्ट पर यात्रियों का आवागमन बढ़ा है। एयरपोर्ट के आंकड़ों पर गौर करें तो एयरपोर्ट में सबसे अधिक इंडस्ट्रियल एरिया के यात्री आते हैं। इनमें धनबाद, जमशेदपुर, पश्चिम सिंहभूम, बोकारो, राउरकेला सहित अन्य जगहों के यात्री शामिल हैं। वर्तमान में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 30 फ्लाइटों का परिचालन हो रहा है और आनेवाले दिनों में विमानों की संख्या में और भी बढ़ोतरी होगी। ऐसे में एयरपोर्ट पर रेस्तरां का संचालन प्रारंभ करना चाहिए। रेस्तरां बंद होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने वर्तमान में कई फ्लाइटों के रद्द होने तथा विलंब से खुलने पर भी चिंता जताई और कहा कि रेस्तरां बंद होने की स्थिति में यात्रियों की समस्या और भी बढ़ जाती है।