टीम एबीएन, रांची। सुभाष चंद्र बोस संकल्प के धनी थे। एक बार मन में ठान लिया कि देश के लिए क्रांति करनी है तो वही किया। प्रस्तुत बातें डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू के प्राचार्य श्री एम के सिन्हा ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस को याद करते हुए कही।
श्री सिन्हा ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस पढ़ने में भी तेज थे और उन्होंने आईसीएस की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर यह दिखा दिया। डीएवी कपिलदेव में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने सुभाष चंद्र बोस को याद किया।
प्राचार्य ने आगे कहा कि व्यक्ति चला जाता है लेकिन उसके सिद्धांत हमेशा अमर रहते हैं। हमें महापुरुषों के आदर्शों पर चलना चाहिए। उनके बताये सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। मौके पर विद्यालय दो बच्चियों आराधना और तनिषा ने नेताजी की जीवनी पर प्रकाश डाला।
बच्चों ने नेताजी के जन्म, शिक्षा, महिला स्वतंत्रता के बारे में उनकी सोच, आजाद हिंद फौज और नेताजी की मौत के बारे में विस्तार से बताया। उक्त जानकारी डीएवी कपिल देव कडरू रांची के आलोक इंद्र गुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।