- बाबूलाल मरांडी का हमला- हेमंत सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त, चारों तरफ लूट मची है
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के समक्ष सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस, झामुमो, राजद छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने पार्टी का पटका पहनाकर सभी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधायक सीपी सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह भी उपस्थित रहे। सरोज सिंह ने ऑनलाइन सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन लक्ष्मण राम ने किया। इस अवसर पर लातेहार भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह, भगत दयानंद यादव, ओमप्रकाश गुप्ता, पूर्व विधायक हीरा राम तूफानी भी उपस्थित थे।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में मनिका जिला परिषद सदस्य बलवंत सिंह, गारू प्रखंड की पूर्व जिला परिषद सदस्य शिल्पा कुमारी, मनिका की पूर्व प्रखंड प्रमुख गायत्री देवी एवं गढ़वा जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव अरविंद कुमार तूफानी के नेतृत्व में सैकड़ों शामिल हैं। वहीं मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मरांडी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मरांडी ने कहा कि आज इंडी एलायंस को जनता नकार चुकी है।
उन्होंने राज्य की हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। चारों तरफ लूट मची है। खान, खनिज, बालू पत्थर, कोयला, जमीन की लूट हो रही। बिचौलिए दलाल सत्ता के संरक्षण में फल फूल रहे हैं।