टीम एबीएन, रांची। अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है वैसे-वैसे लोगों का उत्साह चरम पर होने लगा है।
इन सब के बीच जाने-माने क्रिकेट खिलाड़ी पद्म भूषण महेंद्र सिंह धोनी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आमंत्रण देने आरएसएस के सह प्रांत कार्यवाह धनंजय सिंह सोमवार को उनके आवास पर पहुंचे। इस दौरान भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी उपस्थित थे।
महेंद्र सिंह धोनी को आमंत्रण पत्र देते हुए आरएसएस के सह प्रांत कार्यवाह धनंजय सिंह ने इसमें शामिल होने का आग्रह किया। इससे पहले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के द्वारा भी धोनी को आमंत्रण पत्र भेजा गया था।
अब देखना होगा कि धोनी 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होते हैं कि नहीं। गौरतलब है कि धोनी सहित रांची के 06 बड़ी हस्तियों को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के द्वारा आमंत्रित किया गया है।